कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा बाईपास सड़क मार्ग में डीजल चोरों के आतंक से ट्रक चालक और ट्रक मालिक परेशान हैं। जानकारी अंतर्गत अलसुबह 6-7 डीजल चोरों ने ट्रैलर को निशाना बनाया।
बताया जा रहा है कि कथित आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे थे और ट्रैलर से डीजल निकाल रहे थे, तभी ट्रैलर चालक की नजर उन पर पड़ गई। चोरों ने चालक को धमकाने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रैलर स्टार्ट कर दिया और भाग रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद सभी मौके से फरार हो गए। डीजल चोरी की पूरी वारदात पास के पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ट्रैलर चालक ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की स्कॉर्पियो और गाड़ी में रखे डीजल के कंटेनर बरामद कर लिए हैं।
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्यवाही की जा रही है। इस घटना के बाद ट्रक चालकों और मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि इसी तरह की वारदात को पूर्व में पाली थाना क्षेत्र में भी अंजाम दिया जा चुका है।
03 सितंबर / मंथन मित्तल





