* पुलिस ने वाहन जब्त कर किया केस दर्ज
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल अंतर्गत मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे की हालत मे दो युवको ने उफनते दादर नाले को स्कॉर्पियो वाहन से पार करने की कोशिश की। इस दौरान तेज बहाव में स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर बहने लगी और आधी पानी में डूब गई। तब स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस के अल्कोहल मीटर परीक्षण में दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई।
उल्लेखनीय हैं की भारी बारिश के बाद दादर नाले का जलस्तर काफी बढ़ गया था और पानी तेज बहाव के साथ बह रहा था। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो सवार युवकों को नाला पार करने से मना किया था। इसके बावजूद दोनों ने वाहन से नाला पार करने का प्रयास किया। स्कॉर्पियो वाहन जैसे ही नाले के बीच पहुंचा, पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर बहने लगा और देखते ही देखते आधा पानी में डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों को बाहर निकालकर सुरक्षित बचा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों का अल्कोहल मीटर से परीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्यवाही शुरू की।
* बीएनएस और एमवी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस लगातार लोगों से उफनते नाले और नदी पार नहीं करने की अपील कर रही है। उन्होंने बताया कि इन युवको ने बहते पानी में स्कॉर्पियो पार करने का प्रयास किया था। मामले में BNS की धारा 283 और MV Act की धारा 184 के तहत कार्यवाही की गई है। मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे की हालत मे वाहन चलाने पर MV Act की धारा 185 के तहत भी मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो जब्त कर ली गई है।
* पुलिस ने की सावधानी बरतने अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नाले-नालियों को पार करने का जोखिम न लें। तेज बहाव में वाहन कुछ ही सेकंड में नियंत्रण से बाहर हो सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।
31 अगस्त / मंथन मित्तल





