* ब्रह्मकुमारी बहनों ने कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारियों को बांधी राखी
कोरबा (मंथन ) रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ विश्व सद्भावना भवन, टी.पी. नगर द्वारा प्रेम, पवित्रता एवं विश्व बंधुत्व का संदेश देते हुए विशेष रक्षासूत्र अभियान चलाया गया। विश्व सद्भावना भवन में आयोजित कार्यक्रम में बी.के. बिंदु दीदी ने रक्षाबंधन का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि राखी केवल रक्षा का धागा नहीं, बल्कि स्वयं को बुराइयों से बचाने और जीवन में पवित्रता अपनाने का संकल्प है।
बी. के. रुकमणी दीदी ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने मन को नकारात्मक विचारों से सुरक्षित रखें और प्रेम, शांति एवं सद्भावना को जीवन का हिस्सा बनाएं। यही रक्षाबंधन का वास्तविक संदेश है।
अभियान के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी बहनों ने कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला कलेक्टर कुणाल टुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, डॉ. एस.एन. केसरी सीएमएचओ, आर.के. गुप्ता एजीएम एसईसीएल, कोरबा पुलिस विभाग, यातायात विभाग को उनके स्थान पर जाकर रक्षासूत्र बांथा तथा रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में एसईसीएल, सीएसईबी एवं अन्य संस्थानों में भी पहुंचकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्षासूत्र बांध रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। रक्षासूत्र बांधने की सेवा के अंतर्गत जिला अस्पताल, जिला जेल, प्रशांति एवं स्नेह सदन वृद्धाश्रम, जीवन ज्योति स्कूल, बालिका गृह, वाल्मीकि आश्रम एवं कुष्ठ आश्रम सहित विभिन्न स्थानों पर भी ब्रह्माकुमारी बहनों ने पहुंचकर रक्षासूत्र बांधा। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के साथ आत्मीयता से रक्षाबंधन मनाया गया तथा उनके सुख्ख एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की गई। जीवन ज्योति स्कूल एवं बालिका गृह में बच्चों एवं बालिकाओं को प्रेम, अच्छे संस्कार, सकारात्मक सोच एवं उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।
30 अगस्त / मंथन मित्तल





