कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल के प्रसिद्ध आस्था स्थल सर्वमंगला और कनकी को जोड़ने वाला सड़क मार्ग पर बारिश के चलते पुनः बड़ा हादसा होते-होते बचा। बताया जा रहा हैं की लगातार हो रही बारिश के कारण एसईसीएल के डंपिंग यार्ड से मिट्टी और बालू बहकर सीधे मुख्य सड़क पर आ गई, जिससे सड़क पूरी तरह दलदल में तब्दील हो गई। इस दौरान रास्ते से गुजर रही एक बस और कार दलदल में जा फंसीं, जिससे मार्ग पर घंटों आवाजाही ठप्प रही।
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और एसईसीएल प्रबंधन ने मौके पर जेसीबी भेजकर मलबे को हटाने का काम शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फंसी हुई गाड़ियों को बाहर निकाला गया और रास्ते को साफ कर आवाजाही बहाल की गई। हालांकि, मलबे का स्थायी समाधान न होने के कारण आगे भी बारिश में फिर से सड़क जाम होने और बड़े हादसे की प्रबल संभावना बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने एसईसीएल और नगर निगम से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने मांग की है।
29 अगस्त / मंथन मित्तल





