कोरबा (मंथन) भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन दीपका क्षेत्र ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए दीपका क्षेत्र के कामगारों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में क्षेत्रीय महाप्रबंधक दीपका क्षेत्र को पत्र सौंपकर कामगारों के उत्साहवर्धन के लिए उचित राशि प्रदान करने का आग्रह किया है।
संगठन ने पत्र में कहा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में दीपका क्षेत्र ने 375 लाख टन कोयला उत्पादन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही क्षेत्र ने करीब 3230.91 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। उत्पादन के साथ ही सुरक्षा के क्षेत्र में भी दीपका क्षेत्र पूरे दक्षिण पूर्वी कोयला क्षेत्र में अग्रणी रहा है। संगठन का कहना है कि दीपका क्षेत्र की इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय यहां कार्यरत कामगारों को जाता है। कामगारों की मेहनत, लगन और समर्पण के चलते ही निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को हासिल करते हुए क्षेत्र ने नया इतिहास रचा है।
भारतीय कोयला खदान मजदूर संगठन ने क्षेत्रीय महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि कामगारों की मेहनत को सम्मान देने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में अर्जित लाभ में से उचित राशि प्रोत्साहन राशि के रूप में दीपका क्षेत्र के कामगारों को प्रदान की जाए। संगठन ने इसे कामगारों के मनोबल को बढ़ाने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने वाला कदम बताया है।
27 अगस्त / मंथन मित्तल





