* कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल
* डीएमएफ मद से ₹17 करोड़ से अधिक राशि की मिली नई स्वीकृति
* शहर के प्रमुख मार्गों की बदलेगी तस्वीर
* 14 सड़क कार्यों को मंजूरी
* 6 प्रमुख मार्गों के ₹7.12 करोड़ के टेंडर पूरे
* मानसून के बाद एक साथ शुरू होंगे कार्य
कोरबा (मंथन) कोरबा शहर की बदहाल, उखड़ी और वर्षों से मरम्मत की बाट जोह रही सड़कों के लिए अब बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पुश की तैयारी है। कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन की पहल पर जिला खनिज संस्थान न्यास मद से शहर के प्रमुख और आंतरिक मार्गों के निर्माण एवं डामरीकरण के लिए ₹17 करोड़ से अधिक की नई राशि स्वीकृत की गई है।
खास बात यह है कि यह राशि किसी एक सड़क या एक वार्ड तक सीमित नहीं है। सुनालिया मार्ग, तुलसी नगर, शारदा विहार, टी.पी. नगर, पोड़ीबहार, नेहरू नगर, लालघाट-बालको, रिस्दा, सरदार पटेल नगर, प्रेमनगर से कपटमुड़ा और इमलीडुग्गू तक अलग-अलग हिस्सों को इसमें शामिल किया गया है।
वहीं 6 अन्य प्रमुख मार्गों के लिए ₹7.12 करोड़ की स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। बारिश समाप्त होते ही इन मार्गों पर काम शुरू करने की तैयारी है।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने शहर के मुख्य मार्गों के साथ उपनगरीय क्षेत्रों और वार्डों की आंतरिक सड़कों को सुधारने के लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव दिया था। इसके बाद अलग-अलग सड़क कार्यों के लिए स्वीकृति आदेश जारी किए गए।
नई स्वीकृतियों के साथ एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन के प्रयासों से पहले स्वीकृत 6 प्रमुख सड़क कार्यों के लिए लगभग ₹7.12 करोड़ की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इनमें सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड फाटक-अंडरब्रिज, पावर हाउस रोड फाटक से पुराने बस स्टैंड अंडरब्रिज, जैन चौक से घंटाघर, घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक, वार्ड 66 के सुराकछार क्षेत्र में बलगी खदान मार्ग तथा वार्ड 31 में दुर्गा पंडाल-ब्लू बर्ड स्कूल एवं आसपास की आंतरिक सड़कों के डामरीकरण कार्य शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री सह कोरबा विधायक लखन लाल देवांगन ने कहा की “शहर के सभी मुख्य मार्गों, उपनगरीय क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के साथ-साथ वार्डों की आंतरिक सड़कों के डामरीकरण के लिए जिला खनिज न्यास मद से राशि की स्वीकृति जारी हो चुकी है। कुछ और सड़कों के लिए भी राशि कुछ दिनों में प्राप्त हो जाएगी। मानसून समाप्त होने के बाद सभी स्वीकृत सड़कों का डामरीकरण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।”
* खनिज से मिला धन, अब शहर की सड़क पर दिखना चाहिए असर
कोरबा देश के प्रमुख औद्योगिक और खनन जिलों में शामिल है। ऐसे में डीएमएफ की राशि से शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह स्वीकृति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
25 अगस्त / मंथन मित्तल





