* पार्षद कमलेश जायसवाल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
* दो-दो प्राथमिक शालाएं संचालित
* फिर भी पूर्व-प्राथमिक शिक्षा और पोषण आहार के लिए तरस रहे मासूम
कोरबा (मंथन) नगर पालिका परिषद दीपका अंतर्गत आने वाला वार्ड क्रमांक 01 (शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड) क्षेत्रफल के दृष्टिकोण से पूरे नगर पालिका का सबसे बड़ा वार्ड है। विडंबना और दुर्भाग्य की बात यह है कि इतने विस्तृत भू-भाग और विशाल आबादी वाले वार्ड में आज तक एक भी आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित नहीं किया जा सका है। इस गंभीर जनसमस्या और मासूम बच्चों के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ को लेकर वार्ड क्र. 01 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जिला-कोरबा को पत्र/ज्ञापन सौंपकर तत्काल आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत करने मांग की है ।
पार्षद कमलेश जायसवाल ने नगर प्रशासन और शासन की कार्यप्रणाली पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड क्रमांक 01 में दो-दो शासकीय प्राथमिक शाला स्कूल सफलतापूर्वक स्थापित व संचालित हैं, लेकिन पूर्व-प्राथमिक शिक्षा कुपोषण से बचाव और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास का मुख्य केंद्र आंगनबाड़ी ही नदारद है। इसके कारण क्षेत्र के छोटे-छोटे मासूम बच्चों के सर्वांगीण विकास पर अत्यंत प्रतिकूल और विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।
23 अगस्त / मंथन मित्तल





