कोरबा (मंथन) जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पंचायत लेमरू के आश्रित ग्राम छातीबहार में बन रहे आंगनबाड़ी भवन में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है और लेंटर की ढलाई नाममात्र के लिये की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पहली बारिश में ही छत से पानी टपकने लगा है, जिससे भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजिमी हैं। इस आंगनबाड़ी भवन के लिए लगभग 11 लाख 69 हजार रुपये स्वीकृत हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार द्वारा मानक के अनुरूप कार्य नहीं किया गया है, वहीं सरपंच-सचिव भी निर्माण कार्य पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
* जनपद सदस्य ने की जांच की मांग
क्षेत्र के जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 4 लेमरू, विकासखंड कोरबा ने कहा हैं कि आंगनबाड़ी जैसे महत्वपूर्ण भवन में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने और दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की है।
23 अगस्त / मंथन मित्तल





