कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुलिस सहायता केन्द्र मानिकपुर में मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो वारदातों का कोरबा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके के कब्जे से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया गया है।
उल्लेखनीय हैं की महाविद्यालय भवन में अज्ञात आरोपियों ने प्रवेश कर पुरानी एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी कर ली थीं। दोनों घटनाओं को लेकर अपराध क्रमांक 685/2026 और 687/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों वारदातों में उनकी संलिप्तता सामने आने का पुलिस ने दावा किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का एल्यूमिनियम फ्रेम और घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्यवाही की गई है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा चोरी का सामान बेचने की कोशिश की जाती है या कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ नजर आता है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के मुताबिक समय पर मिलने वाली सूचना अपराधों के खुलासे में अहम साबित हो सकती है।
22 अगस्त / मंथन मित्तल





