* यूपीआई और बैंक फ्रॉड से बचने के बताए उपाय
कोरबा (मंथन) कोरबा जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में कोरबा पुलिस द्वारा जिले भर में साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 अगस्त को जिले के 10 थाना क्षेत्रों में लगभग 3000 विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा पुलिस टीमों ने विभिन्न स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
* कहां-कहां हुए कार्यक्रम
थाना सिविल लाइन के कोचिंग संस्थानों, पाली के शासकीय हाई स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल पोड़ी, कटघोरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोतवाली क्षेत्र के कमला नेहरू महाविद्यालय, दीपका के शासकीय महाविद्यालय, बांकीमोंगरा के नवीन महाविद्यालय एवं हायर सेकेंडरी स्कूल, दर्री के आईटीआई कॉलेज, स्वामी आत्मानंद स्कूल अयोध्यापुरी और लेमरू के एकलव्य विद्यालय देवपहरी में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को यूपीआई फ्रॉड, बैंक फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया की ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंक डिटेल किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध एपीके फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें। किसी भी लालच भरे ऑफर या लॉटरी के झांसे में न आएं।
* कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं। तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर की गई शिकायत से ठगी की राशि को रोका जा सकता है। सतर्क रहें, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं।
21 अगस्त / मंथन मित्तल





