* ईंट भट्ठे में चलाने के नाम पर किराए का लिया ट्रैक्टर
* फर्जी आरसी बनाकर झारखंड में बेचा
कोरबा (मंथन) ग्रामीण क्षेत्रों में ईंट भट्ठे और रेलवे साइट पर काम कराने का झांसा देकर ट्रैक्टर किराए पर लेने और बाद में फर्जी आरसी बुक तैयार कर दूसरे राज्यों में बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आरोपी ने इसी तरीके से 22 ट्रैक्टर दूसरे राज्यों में बेचने की जानकारी दी है। मामला कोरबी चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पाली निवासी से 9 जून 2025 को खाड़ा गांव निवासी ने ट्रैक्टर 20 हजार रुपए प्रतिमाह किराए पर मांगा था। इसके लिए 50 हजार रुपए एडवांस लेकर स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट किया गया और ट्रैक्टर सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक विकास ने करीब चार माह तक ट्रैक्टर को ईंट भट्ठे में चलाया। इसके बाद वह ट्रैक्टर को झारखंड ले गया। वहां सूरजपुर निवासी की मदद से ट्रैक्टर की फर्जी आरसी बुक तैयार करा गिरिडीह निवासी को लगभग 3.30 लाख रुपए में बेच दिया गया। ट्रैक्टर का किराया मिलना बंद होने के बाद वाहन मालिक को संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी जुटाई तो ट्रैक्टर के झारखंड में बेचे जाने का पता चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच के बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि इसी तरीके से 22 ट्रैक्टरों को दूसरे राज्यों में खपाया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और दूसरे ट्रैक्टरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। किराए पर वाहन लेकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरे राज्य में बेचने का यह तरीका सामने आने के बाद पुलिस अब ऐसे मामलों में शामिल अन्य लोगों और बेचे गए ट्रैक्टरों का पता लगाने में जुटी है।
15 अगस्त / मंथन मित्तल





