* 7 सप्ताह तक कोरबा में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
* सेल्फी से साइबर सुरक्षा का संदेश
* 15 अगस्त से शुरू होगा साइबर जागृति अभियान
कोरबा (मंथन) साइबर अपराध के खिलाफ एक अनूठी मुहिम शुरू करने जा रही है। प्रदेशवासियों को साइबर ठगी से जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह का ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की सबसे खास पहल होगी की ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’, जिसके जरिए सोशल मीडिया को साइबर सुरक्षा का हथियार बनाया जाएगा। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री द्वारा अभियान का शुभारंभ किया गया।
कोरबा में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पत्रकारवार्ता के दौरान अभियान का लिंक और क्यूआर कोड जारी कर इसकी शुरुआत की। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। अभियान के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक अथवा क्यूआर कोड को स्कैन कर लोग विशेष ‘सेल्फी फ्रेम’ में अपनी तस्वीर ले सकेंगे। इसके बाद इस सेल्फी को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य है कि प्रदेश के लाखों लोग इस मुहिम से जुड़ें और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश अपने दोस्तों और फॉलोअर्स तक पहुंचाएं।
* आजादी की तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी एकजुट हों
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट होकर संघर्ष कर रहे थे, उसी तरह अब साइबर अपराध के खिलाफ भी सामूहिक जागरूकता जरूरी है। उन्होंने सामाजिक और व्यापारिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स, कलाकारों और आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग जागरूकता की एक सेल्फी लें, उसे सोशल मीडिया पर साझा करें और साइबर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करें।
जिला पुलिस की टीमें सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार करेंगी। सोशल मीडिया हैंडल्स और व्हाट्सऐप ग्रुप्स के जरिए भी अभियान का लिंक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
सात सप्ताह तक चलने वाले अभियान का समापन 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन किया जाएगा। पुलिस का लक्ष्य सिर्फ साइबर अपराध की जानकारी देना नहीं, बल्कि हर नागरिक को डिजिटल दुनिया में सतर्क, जागरूक और सुरक्षित बनाना है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर नोडल अधिकारी नीतिश कुमार ठाकुर, डीएसपी रजत नाग, यातायात डीएसपी, साइबर थाना टीम सहित जिला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
15 अगस्त / मंथन मित्तल





