* लिखित आश्वासन पर ही टल सकती है 17 अगस्त की हड़ताल
कोरबा (मंथन) बिजली कर्मी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन पर है। अगले चरण में 17 अगस्त को काम बंद हड़ताल बुलाई है। इसे देखते हुए बिजली कंपनी के एमडी सुबोध सिंह ने महासंघ के प्रतिनिधि मंडल को चर्चा के लिए बुलाया। इस दौरान उन्होंने ज्यादातर मांगों पर कार्यवाही का आश्वासन दिया। हालांकि एमडी किसी तरह का लिखित आश्वासन नहीं दिया। इसलिए महासंघ के पदाधिकारी अभी भी 17 अगस्त की हड़ताल पर अड़े हुए हैं। विद्युत कंपनी में 2004 के बाद नियुक्त कर्मियों की पुरानी पेंशन योजना बहाली के संबंध में महासंघ के तार्किक तथ्यों पर मांगों को लेकर कंपनी के एमडी ने कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक की।
विस्तृत चर्चा बाद प्रबंधन की ओर से कहा गया कि इस प्रकरण को आवश्यक प्रक्रिया में लाकर एवं राज्य शासन से अनुमोदन कराकर जल्द लागू किया जाएगा। एमडी ने अगले सप्ताह ही अनुमोदन के लिए राज्य शासन को भेजने विद्युत कंपनी के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। पॉवर कंपनी में रिक्त पदों पर नई भर्ती किए जाने के संबंध में महासंघ के मांग पर सभी कैडरों के विभिन्न पदों पर नई भर्ती की मांग पर बताया गया कि आज ही अनुमोदन कर दिया गया। इसके लिए जल्द विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। संविदा कर्मियों के नियमितीकरण पर आश्वासन दिया गया कि मध्यप्रदेश में संविदा नियमितीकरण के लिए हाल ही में जारी आदेश और अन्य वैधानिक नियमों का परीक्षण कराकर इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा महासंघ के अन्य मांगों पर आगामी समय में बैठक आयोजित कर विस्तृत चर्चा किए जाने की सहमति व्यक्त की गई।
इस द्विपक्षीय बैठक के दौरान महासंघ के प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय मंत्री एवं विद्युत प्रभारी राधेश्याम जायसवाल, महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष संजय तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष तेज प्रताप सिन्हा, महामंत्री नवरतन बरेठ, कोषाध्यक्ष कोमल देवांगन एवं कार्यालय मंत्री चेतनानंद दुबे शामिल हुए।
11 अगस्त / मंथन मित्तल





