कोरबा (मंथन) सार्वजनिक क्षेत्र के वृहद उपक्रम कोल् इंडिया की अनुसांगिक कंपनी एसईसीएल बिलासपुर के अधीन कोरबा-पश्चिम क्षेत्र में स्थापित एवं संचालित खुले मुहाने की गेवरा कोयला परियोजना अंतर्गत एसईसीएल की मेगा परियोजना कुसमुंडा क्षेत्र में संचालित ठेका कंपनियों में स्थानीय भू-प्रभावित युवाओं को रोजगार दिलाने की मांग को लेकर महाप्रबंधक के नाम ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में क्षेत्र के भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार देने मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-65 पार्षद प्रेम कुमार साहू ने आरोप लगाते हुए एरिया महाप्रबंधक को सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि एसईसीएल कुसमुंडा परियोजना के लिए कोयला उत्पादन हेतु बड़े पैमाने पर भूमि अधिग्रहण किया गया था। अधिग्रहित भूमि के स्थानीय व स्थायी निवासी लंबे समय से रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे हैं, लेकिन बेरोजगारी के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। प्रभावित युवाओं के पास ड्राइवर, डोजर ऑपरेटर, प्राइम मूवर ऑपरेटर, पीसी ऑपरेटर, हेल्पर, सुपरवाइजर सहित विभिन्न कार्यों का अनुभव है। ऐसे में उन्हें कुसमुंडा क्षेत्र में कार्यरत विभागीय व ठेका कंपनियों में रोजगार देने की मांग की गई है।
08 अगस्त / मंथन मित्तल



