कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल में विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन, सद्बुद्धि यज्ञ एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संसद परिसर में हुए विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक सांसद के कथित कृत्य के विरोध में किया गया, जिसे संगठन एवं उपस्थित संत-महात्माओं ने भगवान श्रीराम, श्रीराम मंदिर एवं सनातन आस्था का अपमान बताया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सनातन विरोधी की सद्बुद्धि हेतु यज्ञ से हुई। उपस्थित पुजारियों ने यज्ञ के माध्यम से प्रार्थना की कि समाज में धार्मिक सौहार्द बना रहे तथा सभी जनप्रतिनिधि भारत की सनातन परंपरा, संत-महात्माओं एवं करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करें।
इसके पश्चात विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पहचान भगवान श्रीराम और सनातन परंपरा से जुड़ी हुई है, इसलिए किसी भी प्रकार की टिप्पणी अथवा कृत्य जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएँ आहत होती हों, उसका लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से पुतला दहन किया तथा धार्मिक आस्था के सम्मान की मांग उठाई। साथ ही “जय श्रीराम”, “जय जय श्रीराम” एवं “सनातन का सम्मान-राष्ट्र का सम्मान” के उद्घोषों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
03 अगस्त / मंथन मित्तल



