कोरबा (मंथन) नगर पालिका परिषद कटघोरा में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में बरती गई गंभीर अनियमितताओं के आरोप में प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही की है। क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर की जांच रिपोर्ट के आधार पर, निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोपी उप अभियंता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार, कटघोरा के अटल परिसर में स्थापित प्रतिमा का निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के प्रावधानों के विपरीत कराना पाया गया। इसके अलावा भी उसमे कई कमियां पाई गईं।
उप अभियंता का कृत्य उनके पदीय कर्तव्यों के विपरीत पाया गया, जिसके चलते उन्हें छत्तीसगढ़ नगर पालिका कर्मचारी (भर्ती तथा सेवा शर्ते) नियम, 1968 के नियम 53 के तहत निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
यह आदेश नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा फाइल क्रमांक ESTB-1024/1248/2026-UAD SEC 5022 के तहत 31 जुलाई 2026 को जारी किया गया है।
01 अगस्त / मंथन मित्तल



