कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में स्थित एसईसीएल गेवरा खदान में एक बड़ा हादसा घटित हो गया। बताया जा रहा हैं कोयला लोड ट्रैलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक चारपहिया कैंपर वाहन के ऊपर पलट गया। हादसे में ट्रैलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कैंपर वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि जिस समय ट्रैलर टेम्पर वाहन पर पलटा, उस वक्त कैंपर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। यदि वाहन में कोई बैठा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
* ढलान पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रेलर
जानकारी के मुताबिक गेवरा खदान के 12 नंबर कांटा से एक ट्रैलर में कोयला लोड किया गया था। वजन तौलने के बाद ट्रैलर ढलान से नीचे की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रैलर अचानक हेल्पर साइड झुक अनियंत्रित हो पलट गया। पलटते समय ट्रैलर की चपेट में सड़क किनारे खड़ा सफेद रंग का चारपहिया कैंपर वाहन आ गया।
स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि गेवरा प्रबंधन के कोयला परिवहन से जुड़े विभाग को ट्रेलरों की आवाजाही वाले रास्तों की उचित मरम्मत और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
फिलहाल हादसा किस तकनीकी या अन्य कारण से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ट्रैलर के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
01 अगस्त / मंथन मित्तल



