कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल में सत्र 2026-27 की पढ़ाई के लिए कमला नेहरू कॉलेज में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को नवीन दाखिले पर स्नातकोत्तर (पीजी) की विभिन्न कक्षाओं में वर्तमान सत्र की फीस में विशेष सुविधा प्रदान करते हुए रियायत दी जा रही है। विशेषकर आर्थिक रूप से कम आय वर्ग वाले परिवार के विद्यार्थियों की राहत की जुगत करते हुए महाविद्यालय प्रबंधन ने फीस में इस विशेष छूट की मंजूरी देते हुए सुविधा लागू कर दी है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने बताया की कमला नेहरू महाविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों की फीस में विशेष रियायत का निर्णय लिया है। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के समान अवसर प्रदान करना है। नई फीस संरचना महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। इस निर्णय को स्नातकोत्तर शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है। कमला नेहरू महाविद्यालय प्रबंधन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नए प्रवेश और नियमित छात्रों की फीस कम करने का राहतभरा निर्णय लिया है। महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्रों की आर्थिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि कोई भी मेधावी छात्र आर्थिक मुश्किलों के कारण अपनी पढ़ाई रोकने पर विवश न हो।
महाविद्यालय प्रबंधन के अनुसार जारी किए गए नवीन फीस चार्ट के मुताबिक एमए, एमएससी के अलावा व्यावसायिक विषय जैसे एमए एजुकेशन, पीजीडीसीए, बीलिब-एमलिब सहित विभिन्न विषयों के शुल्क में रियायत दी गई है। संस्थान के इस छात्र-हितैषी फैसले से न केवल स्थानीय बल्कि दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। महाविद्यालय के इस कदम के बाद से ही नए दाखिले के इच्छुक छात्रों और अभिभावकों के बीच खुशी का माहौल है।
29 जुलाई / मंथन मित्तल



