* विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष की घेरी गाड़ी
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले छुरीकला स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों और उनके अभिभावकों का प्रधानाचार्य पर संगीन आरोप लगाते हुए गुस्सा फूट पड़ा। शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के बाद जब विधायक और जिला पंचायत अध्यक्ष लौट रहे थे, तब बड़ी संख्या में छात्रों और अभिभावकों ने उनकी गाड़ी घेर ली और अपनी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। छात्रों ने प्रधानाचार्य पर कई संगीन आरोप लगाए और उन्हें तत्काल हटाने की मांग की। छात्रों द्वारा दर्ज कराई गई प्रमुख शिकायतें में कहा गया की उन्हें खाने में बेहद घटिया और अस्वच्छ भोजन दिया जा रहा है। बरसात के पानी में खाना पकाने और खाने में कीड़े मिलने की भी शिकायतें सामने आई हैं। नहाने के लिए भी पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। छात्रों को खाज-खुजली जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं हो रही हैं, लेकिन उन्हें उचित चिकित्सा नहीं मिल रही है। आरोप लगाते हुए आगे कहा है कि उन्हें एक्सपायरी डेट वाली दवाइयां दी जा रही हैं। छात्रों ने एक्सपायरी डेट वाले दूध के पैकेट और खाने के सामान भी दिखाए, जिन पर तारीखें स्पष्ट रूप से मिटाई गई थीं।
अभिभावकों ने भी आरोप लगाते हुए शिकायत की हैं कि प्रधानाचार्य का व्यवहार उनके प्रति सही नहीं है। पैरेंट्स मीटिंग के लिए सभी 240 बच्चों के अभिभावकों को एक साथ बुलाने के बजाय, अलग-अलग समय पर बुलाया जाता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। छात्रों पर बाहर से सामान लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों के सामान के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। अभिभावकों ने यह भी बताया कि हाल ही में शिक्षकों के बीच हुई मारपीट के दौरान कुछ छात्रों को चोटें लगी थीं। इसकी शिकायत भी विधायक से की गई। छात्रों और अभिभावकों की मांगों को सुनने के बाद, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सहायक आयुक्त को त्वरित निर्देश दिए कि छात्रों की समस्याओं का त्वरित और उचित समाधान निकाला जाए। विधायक ने छात्रों को आश्वस्त किया कि प्रबंधन की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रधानाचार्य के खिलाफ जांच कराकर उचित कार्यवाही की जाएगी।
28 जुलाई / मंथन मित्तल



