* खंगाले जा रहे सीसीटीवी कैमरे
* चोरों की तलाश में जुटी पुलिस
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत सिंचाई कालोनी स्थित एक सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। शातिर चोर दरवाजे में लगे ताला तोड़कर मकान के भीतर पहुंचे थे। चोंरो ने आलमारी को तोड़कर उसमें रखे नगदी व जेवर सहित करीब ढाई लाख के सामान को पार कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार घर पहुंचा तो चोरी गए सामान का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सिविल लाइन रामपुर थानांतर्गत सिंचाई कालोनी के आवास क्रमांक ए 2/25 में भरत लाल साहू परिवार सहित निवास करते हैं। वे किसी काम से परिवार सहित बाहर गए थे। उन्होंने आवास में ताला जड़ दिया था। प्रतिदिन की तरह भोर होते ही कालोनीवासी अपने घर से बाहर निकले। इस दौरान उनकी नजर श्री साहू के आवास पर पड़ी, तो दरवाजा खुला मिला। दरवाजे में ताला सहित कुंडी लटक रहा था। कालोनीवासियों ने चोरी का अंदेशा होने पर श्री साहू को मामले से अवगत कराया। वे खबर मिलते ही घर लौटे। उन्होंने आवास के भीतर जाकर देखा तो सारे सामान अस्त व्यस्त पड़ा था। चोरों ने कमरे में रखे आलमारी को तोड़ दिया था। उसमें रखे 30 हजार नगदी व सोने/चांदी के जेवर सहित करीब ढाई लाख रूपए कीमती सामान पार कर दिया था।
श्री साहू ने चोरी की सूचना थाना पहुंचकर दी। थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी आस्था शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंची। उन्होंने मौके का बारिकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अहम सुराग तो हाथ नही लगे, लेकिन पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी है। इसके लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संदिग्धों से भी पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को बेनकाब कर देगी।
26 जुलाई / मंथन मित्तल



