* स्वास्थ्य कर्मियों ने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन
* आउटसोर्सिंग सहित कई मांगों को लेकर किया गया आंदोलन
* दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितता का आरोप
कोरबा (मंथन) छत्तीसगढ़ प्रदेश सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) संघ के आह्वान पर कोरबा में प्रदर्शन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में संघ ने राज्य स्वास्थ्य समिति की शासी निकायों के फैसले और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश सहित भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है।
* आउटसोर्सिंग सहित कई मांगों को लेकर किया गया आंदोलन
संघ के प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन के माध्यम से यह ज्ञापन दिया। संघ का कहना है कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतनमान संबंधी प्रस्ताव को मूल निर्देश के अनुरूप प्रेषित करने के स्थान पर अलग प्रस्ताव भेजा गया है। जिससे संविदा और नियमित स्वास्थ्य कर्मियों में गहरी नाराजगी है।
* संघ की प्रमुख मांगें
संघ की प्रमुख मांगो में वेतनमान संबंधी प्रस्ताव को मूल निर्देश के अनुरूप भारत सरकार को फिर से भेजा जाए। शासी निकाय की ओर से अनुमोदित प्रस्ताव को अनुपूरक पीआईपी के माध्यम से केंद्र सरकार के पास भेजा जाए। प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर जिम्मदार अधिकारियों पर नियमानुसार कार्यवाही हो।
* स्वास्थ्य कर्मियों ने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन
संघ के जिला अध्यक्ष एम.एस. चौहान ने बताया कि यह विषय केवल सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के वेतनमान तक सीमित नहीं है। बल्कि शासन के निर्णयों के क्रियान्वयन, प्रशासनिक पारदर्शिता, उत्तरदायित्व, सुशासन और हजारों स्वास्थ्य अधिकारियों के विधिक एवं सेवा संबंधी अधिकारों से भी जुड़ा हुआ है। संघ ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे इस संवेदनशील मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करें और शासन स्तर पर त्वरित एवं न्यायसंगत निर्णय लें।
23 जुलाई / मंथन मित्तल



