* पुलिस जांच जारी
* सर्वमंगला -राताखार मार्ग पर हुआ हादसा
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल अंतर्गत कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्वमंगला-राताखार मुख्य मार्ग पर ट्रैलर की टक्कर से बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार सर्वमंगला से राताखार की ओर जा रहा था। तभी मोड़ पर सामने से आए ट्रैलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर दूर जा गिरा और घटना स्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
* ट्रैलर जब्त
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैलर को जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
* मृतक की जेब से मिला डीएसपीएम प्लांट का गेट पास
बताया जा रहा हैं की मृतक की जेब से डीएसपीएम प्लांट का एक गेट पास मिला है। पास पर हरियर दास, पिता इतवारी दास, निवासी बिरदा (कोरबा) का नाम दर्ज है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। उनके पहुंचने के बाद शव की औपचारिक पहचान और अन्य कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
* एक घंटे तक बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद सर्वमंगला-राताखार मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल कराया। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए स्पीड ब्रेकर और यातायात पुलिस की तैनाती करने मांग की है।
फिलहाल, पुलिस ने ट्रैलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
20 जुलाई / मंथन मित्तल



