* बजरंग दल ने किया हंगामा
* पुलिस ने संभाला मोर्चा
* लिया एक संदिग्ध को हिरासत में
कोरबा (मंथन) बालको थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम पंचायत अजगरबहार के ग्राम नर्मदा में कथित दुधारू पशु वध की घटना सामने आने से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार देर रात दुधारू पशु को काटे जाने की सूचना फैलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर दुधारू पशु का सिर, खाल तथा मांस के टुकड़े पड़े होने की बात सामने आई, जिसे देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर एकत्र हो गए। इस दौरान जमकर नारेबाजी और हंगामा हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए लोगों को शांत कराया और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर गांव में निगरानी बढ़ाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
19 जुलाई / मंथन मित्तल



