* विद्यालय प्रबंधन पर उठे सवाल
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे विद्यालय बस की चपेट में आए बुजुर्ग की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बस चालक विद्यालय के छात्रों को घर छोड़ने के बाद बस लेकर विद्यालय लौट रहा था। इसी दौरान मानिकपुर में सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को पहले चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए दूसरे चिकित्सालय रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद लोगों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सूचना पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बुजुर्ग कीमृतु पश्चात संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सभी विद्यालय बस चालकों की नियमित मेडिकल जांच और फिटनेस जांच अनिवार्य की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
18 जुलाई / मंथन मित्तल



