* सिविल लाइन क्षेत्र में वारदात
* परिवार गया था गृहग्राम
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल सिविल लाइन थाना क्षेत्र सीएसईबी चौकी अंतर्गत एक सूने मकान में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर दो दोपहिया वाहन, सोने के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मकान मालिक घर में ताला लगाकर अपने गृहग्राम गई थी। घर की देखरेख के लिए उसने अपनी मित्र को चाबी दी थी। इसी दौरान उसके भाई और माता-पिता भी बिहार के औरंगाबाद जिले स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। जब शिकायतकर्ता पटना जंक्शन पर थी, तभी उसकी मित्र ने फोन कर घर में चोरी होने की जानकारी दी। कोरबा लौटने पर शिकायतकर्ता ने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरे के ताले टूटे हुए थे। अलमारी का ताला भी टूटा मिला और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
जानकारी के अनुसार चोर एक हीरो स्प्लेंडर और एक होंडा एक्टिवा चोरी कर ले गए। इसके अलावा अलमारी से एक जोड़ी सोने की बालियां, एक सोने की चेन और नगदी भी चोरी हो गई। नगदी और जेवर की कुल कीमत की जानकारी परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस को दी जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मामला दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
13 जुलाई / मंथन मित्तल



