* अंडरब्रिज जाम के बीच विवाद
* वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम में कुसमुंडा-दीपका मार्ग स्थित कुचेना रेलवे अंडरब्रिज पर जाम के दौरान सीआईएसएफ जवानों पर पिकअप चालक और उसके सह चालक से मारपीट करने का आरोप लगा है। उक्त घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वाहन चालक की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शाम लगभग 6:30 बजे कुचेना अंडरब्रिज के पास भारी जाम लगा हुआ था। इसी दौरान सीआईएसएफ जवानों को ले जा रही एक बस और कुसमुंडा निवासी की पिकअप भी जाम में फंसी थी।
जानकारी के अनुसार, जाम से निकलने की कोशिश में बस चालक ने पिकअप की स्टीयरिंग जबरन मोड़ने का प्रयास किया, जिससे दोनों वाहनों के बीच हल्की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पिकअप चालक का आरोप है कि टक्कर के बाद बस से उतरे सीआईएसएफ जवानों ने पहले गाली-गलौज की, फिर उनके और सह चालक के साथ मारपीट की। वाहन चालक ने यह भी आरोप लगाया कि जवानों ने पिकअप की चाबी छीन ली और पैसों की मांग की।
घटनास्थल पर उपस्थित एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दीधारी जवान पिकअप चालक से बहस करते और वीडियो बना रहे लोगों से भी उलझते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्यवाही कर रही हैं। साथ ही सीआईएसएफ अधिकारियों से भी घटना के संबंध में जानकारी मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
12 जुलाई / मंथन मित्तल



