कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के सीमावर्ती पसान क्षेत्र में कहरा नाला के पास घटित सड़क हादसे में एक युवक की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर घायल बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा हैं की हाइवा ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और घटनास्थल पर खून बिखर गया।
जानकारी के अनुसार के बाइक सवार युवक कटघोरा की ओर से पसान की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पसान की ओर से आ रहे हाइवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर घायल सड़क पर तड़पते रहे।
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक और घायलों की पहचान की कोशिश जारी थी।
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के मार्गों पर भी सूचना प्रसारित की गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
12 जुलाई / मंथन मित्तल



