* वारदात से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त
कोरबा (मंथन) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघिया में चोरों ने एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार चोरों द्वारा एक घर की दीवार में सुरंग लगाकर लगभग 25 से 30 बकरियां चोरी कर लेने का आरोप लगाया गया हैं। इस अनोखे तरीके से हुई चोरी के बाद पूरे ग्राम में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंघिया निवासी रामायण यादव के घर को चोरों ने निशाना बनाया। रोज की तरह ग्रामीण रामायण यादव और उनका परिवार घर के भीतर सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले हिस्से की दीवार में सुरंग बना दी। उन्होंने इतनी खामोशी से दीवार को खोदा कि परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। इसके बाद चोर बाड़े में बंधी 25 से 30 बकरियों को सुरंग के रास्ते बाहर निकालकर फरार हो गए।
सुबह जब परिवार के सदस्य बाड़े में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दीवार में बड़ा छेद और बकरियों के गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने शोर मचाया और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गई बकरियों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। यही बकरियां परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थीं। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे घरों की दीवारों में सुरंग बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कटघोरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
05 जुलाई / मंथन मित्तल



