* युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग
* पीड़ित ने तालाब में कूदकर बचाई जान
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बुंदेली अंतर्गत मित्र की पत्नी पर कमेंट करने से नाराज एक युवक ने अपने ही मित्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस घटना में पीड़ित युवक गंभीर रूप से झुलस गया। आग लगाते समय आरोपी भी उसकी चपेट में आकर घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी अपने मित्र कोरकोमा निवासी के साथ ग्राम में ही रहने वाले ग्रामीण के घर गया था। वहां से लौटते समय एक अन्य ग्रामीण अपने घर के सामने खड़ा मिला। तीनों आपस में बातचीत करने लगे।
बातचीत के दौरान एक ग्रामीण ने घरेलू मामले को लेकर टिप्पणी की। जवाब में उसने भी पलटवार करते हुए टिप्पणी कर दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ता देख घर के बाहर खड़ा ग्रामीण अपने घर के अंदर गया और पेट्रोल से भरी बोतल लेकर बाहर आया। दुसरा ग्रामीण कुछ समझ पाता, उससे पहले ही उसने उस पर पेट्रोल उड़ेलकर माचिस चला दी। देखते ही देखते आग ने उसको अपनी चपेट में ले लिया। आग से बचने के लिए उसने करीब 100 मीटर दूर स्थित डबरी नुमा तालाब में छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। तालाब से बाहर निकलने के बाद उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।
इस घटना में आरोपी का भी एक हाथ झुलस गया, क्योंकि पेट्रोल उड़ेलकर आग लगाते समय वह भी आग की चपेट में आ गया था। घटना के दूसरे दिन रजगामार पुलिस चौकी में मामले की शिकायत दर्ज कराई गई। चौकी प्रभारी विनोद सिंह ने अपनी टीम के साथ ग्राम पहुंच आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक उपचार के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही पूरी की और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
04 अगस्त / मंथन मित्तल



