कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर एकाएक सड़क किनारे पलट पेड़ से जा टकराई। हादसे में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा हैं की वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे।
जानकारी के अनुसार, रजगामार के ग्राम दरगा के मजदूर गोढ़ी स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। ग्राम बनखेता के पास पिकअप वाहन चालक उस पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सड़क किनारे पलटकर पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह छतिग्रस्त हो गई।
* राहगीरों और ग्रामीणों ने बचाई मजदूरों की जान
हादसे के बाद घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। वाहन के नीचे दबे मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। सभी ने मिलकर पिकअप को सीधा किया और उसके नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर रजगामार चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
* तीन महिला मजदूर गंभीर घायल
हादसे में गंभीर घायल मजदूरों में दरगा निवासी उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी शामिल बताई जा रही हैं। अन्य घायल मजदूरों का भीचिकित्सालय में उपचार जारी है। घायल सविता ने बताया कि वे सुबह ग्राम से पिकअप में सवार होकर मजदूरी के लिए निकले थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में आसपास के ग्रामो के कई मजदूर कार्यरत हैं। ठेकेदार मजदूरों के आने-जाने के लिए पिकअप वाहनों की व्यवस्था करता है। बताया जा रहा है कि इन वाहनों में अक्सर क्षमता से अधिक मजदूर बैठाए जाते हैं। पुलिस द्वारा की गयी प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। सभी घायलों को तत्काल चिकित्सालय पहुंचाया गया और उनका हालचाल लिया गया। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
05 जुलाई / मंथन मित्तल



