कोरबा (मंथन ) कोरबा जिले में नदी-नालों से रेत निकासी पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जानकारी के अनुसार इसी बीच उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहे एक ट्रैक्टर के पलट जाने से एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हो गए। घायलों का उपचार चिकित्सालय में जारी है।
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी सहित अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर सोन नदी में रेत निकालने गए थे। दोपहर के समय रेत लेकर वापस लौटते वक्त ग्राम जर्वे के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि एक व्यक्ति ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक और एक अन्य युवक गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद व्यक्ति को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
25 जून /मंथन मित्तल



