कोरबा (मंथन ) कोरबा जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा नो-पार्किंग अभियान के तहत सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में कोरबा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर नो-पार्किंग जोन में खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए चालान काटे गए।
यातायात पुलिस की टीम ने भवानी मंदिर क्षेत्र, ध्यानचंद तिराहा, सर्वमंगला तिराहा और जोड़ा पुल के आसपास सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक एवं ट्रेलर वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए भारी वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माना लगाया गया।
यातायात विभाग के अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे ट्रक और ट्रैलर खड़े होने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इसके अलावा सड़क की दृश्यता प्रभावित होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। कई बार भारी वाहनों की अवैध पार्किंग के चलते आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस ने वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को चेतावनी दी है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्यवाही जारी रहेगी।
इस अभियान के दौरान एएसआई मनोज राठौर सहित यातायात पुलिस के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग करने अपील की।
यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि सड़कों पर सुगम यातायात बना रहे और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
22 जून /मंथन मित्तल



