* बुनियादी ढांचे की बदहाली और जनहित के कार्यों के त्वरित निराकरण को लेकर सौंपा ज्ञापन
कोरबा (मंथन) भाजपा प्रदेश प्रभारी मो. न्याज नूर आरबी ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को ऊजार्धानी की स्थानीय समस्याओं, राखड़ प्रदूषण, शहरी बुनियादी ढांचे की बदहाली और जनहित के कार्यों के त्वरित निराकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा। जिस पर श्री साहू ने उन्हें कार्यवाही का आश्वासन दिया है। इस असवर पर श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत, जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी सहित पार्षद, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कहा गया कि कोरबा के नागरिक आज कई बुनियादी और गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। शहर के लिए सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम नाली निर्माण, हर घर शुद्ध पेयजल और मुख्य मार्गों के सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष पैकेज स्वीकृत की जानी चाहिए। नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता लाने और केंद्रीय विकास योजनाओं की समीक्षा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी अनिवार्य करने निर्देश जारी करने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि भूमिगत खदानों के कारण कई क्षेत्रों में जमीन धंसने और पर्यावरण असंतुलन का खतरा लगातार मंडरा रहा है। केंद्रीय निगरानी में प्रभावी पुनर्वास नीति लागू की जाए और प्रभावितों के दावों का त्वरित निपटारा जमीनी स्तर पर मजबूती और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समस्याओं के निराकरण की मांग श्री साहू से की है।
18 जून / मंथन मित्तल



