* हड़ताल पर गए एचटीपीपी अस्पताल के ठेका कामगार
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी के दर्री-पश्चिम स्थित एचटीपीपी विभागीय अस्पताल के ठेका कामगारों ने शासन द्वारा निर्धारित वेतन न मिलने, ईपीएफ व ईएसआईसी का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगा उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अस्पताल के ठेका कर्मियों ने भारतीय संविदा मजदूर महासंघ के नेतृत्व में कामबंद हड़ताल शुरू कर दी है।
इस संबंध में संघ कोरबा-पश्चिम के सचिव मदन मोहन पांडेय ने बताया कि विभागीय चिकित्सालय में मेसर्स इक्यूपमेट्स केयर कोरबा के अन्तर्गत नियोजित ठेका श्रमिकों ने संघ से शिकायत की थी। ठेकेदार द्वारा उन्हें ईएसआईसी व ईपीएफ और शासन द्वारा निर्धारित वेतन प्रदान नहीं किया जा रहा है। इस विषय में संघ द्वारा संयंत्र मुख्य अभियंता को भी अवगत कराया गया था। इसके बाद भी समस्या निरंतर बनी रही। 11 जून तक समस्याओं के निराकरण नहीं होने पर 15 जून से कामबंद आंदोलन की चेतावनी दी थी। चेतावनी के तहत अस्पताल के ठेकाकर्मियों ने कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और अधिक विस्तार दिया जाएगा।
17 जून / मंथन मित्तल



