* गणेश उत्सव के दौरान 407 बदमाशों और आरोपियों पर की कार्यवाही
* 123 वारंट तामील
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिलेभर में “ऑपरेशन आघात” अभियान चलाया। जिसके अंतर्गत पिछले 10 दिनों में पुलिस ने वारंटियों, आरोपियों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ कार्यवाही करते हुए कुल 407 मामलों में कार्यवाही की है।
* 123 गिरफ्तारी वारंट तामील
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया की उक्त अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दबिश दी गई। इस दौरान 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।
* 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार
अभियान अंतर्गत 22 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें वर्ष 2014 से लंबित स्थायी वारंट से जुड़े मामले भी शामिल हैं। पुलिस ने पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दिया।
* 190 की गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार शरीर संबंधी और महिला संबंधी अपराधों सहित लंबित प्रकरणों में पुलिस ने 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि अपराधों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही अभियान का प्रमुख हिस्सा रही।
* 72 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही
गणेश उत्सव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका अंतर्गत 72 व्यक्तियों, बदमाशों और संदिग्धों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। पुलिस के अनुसार इन मामलों में धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गई।
कोरबा जिला पुलिस ने एक अधिकृत ज्ञापन जारी कर बताया की “ऑपरेशन आघात” अभियान अंतर्गत कार्यवाही करते हुए 123 गिरफ्तारी वारंट तामील किये गए। साथ ही 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, 190 लंबित अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी, 72 पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गयी। कुल 407 बदमाशों, आरोपियों एवं संदिग्धों के खिलाफ कार्यवाही की गयी।
पुलिस ने कहा हैं की गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
25 सितंबर / मंथन मित्तल





