कोरबा (मंथन) आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक और निडर बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी इस समय क्रिकेट जगत में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। टूर्नामेंट में टॉप स्कोरर बनकर उभरे वैभव की प्रतिभा के जहां हर तरफ कसीदे पढ़े जा रहे हैं, वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेट के कोच ग्रेग चैपल ने उनके इस प्रदर्शन को लेकर एक चौंकाने वाली चिंता व्यक्त की है। ग्रेग चैपल ने वैभव के इस उभार को क्रिकेट के लिए ‘खतरनाक’ करार दिया है।
* ग्रेग चैपल क्यों मान रहे हैं इसे ‘खतरनाक’ ?
पूर्व दिग्गज ग्रेग चैपल वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी तकनीक और उनके हुनर से बेहद प्रभावित हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने आधुनिक टी-20 क्रिकेट के बदलते स्वरूप पर उंगली उठाई है। चैपल का मानना है कि वर्तमान टी-20 क्रिकेट पूरी तरह से बल्लेबाजों के पक्ष में झुक चुका है, जो खेल के संतुलन को बिगाड़ रहा है। यह फॉर्मेट इतनी कम उम्र के खिलाड़ियों पर भारी मानसिक और शारीरिक दबाव डालता है, जिससे उनके खेल के स्वाभाविक विकास को नुकसान पहुँच सकता है। ग्रेग चैपल के अनुसार, वैभव का इतनी जल्दी इस फॉर्मेट के शीर्ष पर पहुँचना खेल की प्रकृति और खुद खिलाड़ी के भविष्य के लिए एक ‘खतरनाक’ संकेत हो सकता है।
* सौरव गांगुली और कपिल देव ने भी दी धैर्य रखने की सलाह
ग्रेग चैपल के अलावा भारत के पूर्व कप्तानों ने भी वैभव सूर्यवंशी के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए हैं और उम्मीदों के भारी बोझ से बचने की सलाह दी है। सौरव गांगुली ने कहा की “हमें वैभव सूर्यवंशी के मामले में धैर्य रखने की जरूरत है। इतनी छोटी उम्र में उन पर उम्मीदों और दबाव का पहाड़ नहीं खड़ा किया जाना चाहिए।” कपिल देव ने “वैभव के पास अद्भुत प्रतिभा है, लेकिन अभी उन्हें एक लंबा रास्ता तय करना है। उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना उनके करियर के लिए ठीक नहीं होगा।”
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी चमत्कारी बल्लेबाजी से उम्मीदें तो आसमान पर पहुँचा दी हैं, लेकिन दिग्गजों की यह चिंता बताती है कि इस हीरे को तराशने में जल्दबाजी नहीं, बल्कि समझदारी की जरूरत है।
09 जून / मंथन मित्तल



