* 24 घंटे के भीतर 5 कथित आरोपी गिरफ्तार
* पत्रकार वार्ता ले दर्री सीएसपी ने किया खुलासा
* बांकीमोंगरा पुलिस और साइबर सेल ने की संयुक्त कार्यवाही
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर जनहित की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले विद्युत तार चोरी गिरोह के खिलाफ कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बांकीमोंगरा एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने चोरी किए गए विद्युत तार सहित घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है।
उक्त पूरे मामले का खुलासा दर्री सीएसपी ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अवैध गतिविधियों और चोरी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, 12 और 13 मई की दरमियानी रात सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत पोल को क्षतिग्रस्त कर लगभग 3100 मीटर विद्युत तार चोरी कर लिया गया था। मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कटघोरा के सहायक अभियंता द्वारा थाना बांकीमोंगरा में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और साइबर इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस ने कबाड़ी दुकान संचालक सहित पांच कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया है।पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, विद्युत खंभों में लगे लोहे के उपकरण एवं चैनल, एक मोबाइल फोन तथा एक सायकल बरामद की है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
पत्रकार वार्ता के दौरान दर्री सीएसपी ने कहा कि जनहित से जुड़ी विद्युत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। कोरबा पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।
22 मई / मंथन मित्तल



