* निर्माण कार्य में लापरवाही उजागर
* गीली रस्सी बनी हादसे की वजह
कोरबा (मंथन) कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत आरामशीन पारा काशी नगर में निर्माणाधीन एक तीन मंजिला मकान में काम कर रहा एक मजदूर 11केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने तत्काल घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार उक्त निर्माण कार्य के दौरान वह गीली रस्सी फेंक रहा था। इसी दौरान रस्सी पास से गुजर रही 11केवी लाइन से टकरा गई। तेज करंट की चपेट में आने से मजदूर की पीठ और हाथ बुरी तरह झुलस गए। बताया जा रहा है कि वह करीब 40 प्रतिशत तक जल गया है। चिकित्सको के मुताबिक समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई, लेकिन स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीठ और हाथ में गहरे जख्म हैं।
जिला अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना चौकी पुलिस को मेमो के जरिए दे दी है। मेमो के आधार पर पुलिस घायल मजदूर का बयान दर्ज करेगी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सिविल लाइन क्षेत्र के बुधवारी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान से गिरकर मजदूर की मृत्यु हो गई थी। इस घटना ने एक बार फिर निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही को उजागर किया है।
21 मई / मंथन मित्तल



