* लाश जंगल में मिलने के बाद घटना की सूचना दी गई वन विभाग को
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले से लगे निकटतम रायगढ़ जिले के कापू रेंज में हाथी के हमले से ग्रामीण की मृत्यु हो गई हैं। वह जलाऊ लकड़ी लेने जंगल गया था, लेकिन रातभर घर वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी लाश जंगल में मिलने के बाद घटना की सूचना वन विभाग को दी गई।
जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इंदकालो निवासी ग्रामीण मालिकराम बंजारा (55) जलाऊ लकड़ी लेने छेनापतरा जंगल गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। इस दौरान दूसरे दिन उन्हें पता चला की अलोला बीट के जंगल में एक ग्रामीण का शव पड़ा मिला हैं जिसे परिजनों द्वारा उक्त शव मालिकराम बंजारा के होने की पुष्टि की गयी। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही हैं कि हाथी के हमले में उसकी मृत्यु हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन अमले ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सालय भिजवाया। फिलहाल वन विभाग आगे की कार्यवाही में जुटा हुआ है। बताया जा रहा है कि कापू रेंज के अलोला बीट क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सरगुजा की ओर से आया एक हाथी विचरण कर रहा था।
17 मई / मंथन मित्तल



