* बाल-बाल बचे राहगीर
* वर्षों पुराने विशाल वृक्ष बन रहे खतरा
* गांधी चौक में भी घटित हो चुकी है घटना
कोरबा (मंथन) वर्षों पुराने स्थापित वृक्ष समय-बेसमय छोटे-बड़े हादसे का कारण बन रहे हैं। इसी कड़ी में कोरबा मुख्य मार्ग में कोतवाली के निकट रात्रि लगभग 9 बजे सामान्य मौसम में ऐसा ही एक हादसा हुआ जिसमें व्यस्त मार्ग में आवागमन करते लोग बाल- बाल बचे।
जानकारी के अनुसार कोतवाली के आवासीय परिसर की चारदीवारी के भीतर एक विशालकाय पीपल का वृक्ष है। इस वर्षों पुराने वृक्ष की एक बड़ी सी शाखा टूटकर मुख्य सड़क पर गिर पड़ी। एक अन्य शाखा चलती हुई कार पर गिर पड़ी। हादसे में कार का ऊपरी हिस्सा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। भीतर सवार लोगों को किसी तरह की चोट नहीं पहुंची है। मुख्य सड़क पर गिरे पेड़ की बड़ी शाखा की चपेट में भी संयोगवश कोई राहगीर नहीं आया।
घटना घटित होते ही आवागमन बाधित होने लगा और लोग इस बात का शुक्र मनाते रहे कि कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि पेड़ के नीचे से खींचे गए कुछ तार जरूर टूट गए हैं। घटना के बाद बाधित होते आवागमन को सुचारू बनाने के लिए पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। टीआई एमबी पटेल भी मौके पर पहुंचे व हालात को सामान्य कराया।
15 मई / मंथन मित्तल



