* रेलवे ने हर घंटे पकड़े 53 बेटिकट मुसाफिर
कोरबा (मंथन) बिलासपुर रेल मंडल में ट्रेनों की भीड़ अब सिर्फ यात्रियों की परेशानी नहीं, बल्कि रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। हालात ऐसे हैं कि पिछले 125 दिनों में हर घंटे औसतन 53 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। जनवरी से 7 मई तक रेलवे ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में विशेष अभियान चलाकर 1 लाख 61 हजार 518 यात्रियों पर कार्यवाही कर उनसे 8 करोड़ 33 लाख 70 हजार 643 रुपए जुर्माना वसूला। सबसे ज्यादा 93 हजार से अधिक यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक भीड़ बढ़ने के साथ जनरल टिकट लेकर स्लीपर और रिजर्वेशन कोच में घुसने की शिकायतें लगातार बढ़ी हैं। इससे रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। रेल मंडल ने जनवरी से लगातार टीटीई और रनिंग स्टाफ की विशेष जांच टीम लगाई। इसी का असर है कि रोज औसतन 1290 से ज्यादा यात्रियों पर कार्यवाही हुई। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा मामले बिना टिकट यात्रा के रहे, जबकि 38 हजार से ज्यादा यात्री गलत या अनियमित टिकट पर सफर करते पकड़े गए। रेलवे जांच अभियान में बिना टिकट यात्रा, गलत या अनियमित टिकट पर सफर, बिना लगेज बुकिंग सामान ले जाने, महिला कोच में पुरुष यात्रियों के बैठने, ट्रेन और प्लेटफॉर्म पर गंदगी फैलाने, धूम्रपान करने और हंगामा करने वाले यात्रियों पर कार्यवाही कर उनसे जुर्माना वसूला।
रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि गर्मी की छुट्टियों और ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगे भी अभियान जारी रहेगा। यात्रियों से अपील है कि वे जिस श्रेणी का टिकट लें, उसी कोच में सफर करें ताकि दूसरे यात्रियों को परेशानी न हो।
11 मई / मंथन मित्तल



