कोरबा (मंथन) आज प्रेस क्लब कोरबा के प्रेक्षागृह में कोरबा जिले में पदस्थ जिलाधीश कुणाल दुदावत ने जिले के पत्रकारों से एक उच्च स्तरीय “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में अपनी हिस्सेदारी दे बहुत ही धैर्य से पत्रकारों की बाते सुन उनका सिलसिलेवार जवाब भी दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा की पदस्थापना के पश्चात कार्यभार ग्रहण करते ही सबसे पहले जिले की प्राकृतिक, नैसर्गिक, साकार रूप लेती विकास योजनाओ का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा की बेबाक रूप से कहा जा सकता हैं की प्रशासन और जनता के बीच प्रेस की भूमिका अत्यंत ही सामंजस्य पूर्ण हैं, क्योंकि प्रेस ही हमारे बीच ऐसा सामंजस्य सेतु हैं की जनता की बाते प्रशासन तक रचनात्मक सोच के साथ पहुंच रही हैं और प्रशासन की सक्रिय और निष्पक्ष संपादन कार्यो का साकार मंतव्य जनता तक पहुंच रहा हैं। जिलाधीश ने सिलसिलेवार जो तथ्य पत्रकारों के समक्ष दिए उन्हें सुन इस बात की पुष्टि हुई की उन्होंने सभी बातो का गहन अध्ययन कर उसके पश्चात ही पत्रकारों से रूबरू हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा की यह एक ऐसा जिला हैं जहा नित नई विकास योजनाओ को मूर्त रूप दे रहा हैं। यह भी जरूरी हैं की हम उन स्थलों के प्रति भी पूरी संवेदनशीलता से कार्य करे, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और आवागमन मार्ग/आवागमन साधनो सुविधा की बाँट जोह रहे हैं। उन्होंने आगे कहा की जिले में सड़को का जाल अवश्य बिछा हैं, किन्तु उन्हें सुधारने की जरुरत हैं। अंचल की विद्युत व्यवस्था के संबंध में कहा की इसके लिये भूमिगत तारो को बिछाने का कार्य तेज किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा की जिले के बहुत से शासकीय जर्जर भवनों को सुधार व नवनिर्माण की जरुरत हैं।
साथ ही श्री दुदावत ने कहा की कोरबा जिले में पर्यटन की भी असीम संभावनाएं हैं। आस्था स्थल मड़वारानी में सुरक्षा रेलिंग लगाने की आवश्यकता हैं। सतरेंगा, बुका, चैतुरगढ़ जिले की प्राकृतिक प्रदत्त अनमोल धरोहर हैं, जो संवर्धन मांग रही हैं। कोरबा जिलाधीश ने खेलो को भी बढ़ावा देने के लिए भी कार्य किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा की इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम को और उन्नत किया जाएगा। यहाँ हॉकी के लिए उच्च क्वालिटी का मैदान, बास्केट बॉल मैदान आदि का निर्माण किया जाएगा। शासकीय कॉलेज के खेल मैदान को भी बेहतरीन बनाना शामिल हैं।
जिलाधीश कुणाल दुदावत ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी नए भवन का निर्माण कराने की बात भी कही, उन्होंने बताया की इसके लिए 4 करोड़ का फंड स्वीकृत है। सिटी स्कैन मशीन की सेवा भी जिले में जल्द शुरू हो जाएगी। खदान क्षेत्रो के लिए 10 मोबाइल मेडिकल वैन की सेवा शुरू हो रही है। खदान क्षेत्र के लोगो के लिए हेल्थ इंश्योरेंस की भी शुरुवात की जाने की बात कही। उन्होंने बताया की एम्बुलेंस की सुविधा को बढ़ावा देने के लिए 108 की अतिरिक्त 8 एम्बुलेंस की सुविध की मांग की गई है ताकि किसी को कोई परेशानी न हो । पेयजल की भी पूर्ति करने का प्रयास भी किया जा रहा। 245 ग्रामो के लिए एतमानगर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का काम किया जा रहा है। सरफेस वाटर सप्लाई पर जोर दिया जा रहा है।
कोरबा कलेक्टर ने आगे बताया कि दिव्यांग बच्चों को सर्वे कर चिन्हाकित कर शिविर लगाकर कृत्तिम अंग बनाने को लेकर जून माह में शिविर लगाया जाना है। वही कृषि कार्य में बदलाव किया जाना है। जिले में 33 प्रतिशत ही कृषि क्षेत्र है। सिंचित क्षेत्रो की सर्वे करना है। सुरक्षा के दृष्टि से दुर्घटना को रोकने के लिए हाइवे पर ब्लैक स्पॉट को चिन्हाकित किया जा रहा है। घुमावदार मोड़ के साथ अन्य जगहों पर लाइट लगाई जा रही। इसके साथ ही कोरबा कलेक्टर ने जिले के विकास को लेकर अन्य जरूरी बातें कही। आने वाले दिनों में कोरबा शहर की सभी क्षेत्रों में विकास कार्य दिखाई देगा।
09 मई / मंथन मित्तल



