(कोरबा) नर्सरी में लगी भीषण आग-कई एकड़ क्षेत्र जलकर हुआ खाक
कोरबा (मंथन) जानकारी के अनुसार कोरबा जिले के ग्राम रिसदी स्थित वन विभाग द्वारा संचालित चिड़ियाघर नर्सरी में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा हैं की दोपहर लगभग 4 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक उठती आग की लपटें और आसमान में छाया काला धुआं देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
* तेजी से फैली आग, बचाव का नहीं मिला मौका
जानकारी देते हुए बताया जा रहा हैं कि आग इतनी तेजी से फैली की नर्सरी में मौजूद पौधों और पेड़ों को बचाने का मौका ही नहीं मिल सका। देखते ही देखते कई कीमती पौधे और सालों पुराने पेड़ जलकर राख हो गए। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन सीमित संसाधनों के चलते आग बुझाने में उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी।
* पशु-पक्षियों पर मंडराया खतरा
आग का असर केवल पेड़-पौधों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि नर्सरी में रहने वाले पशु-पक्षियों और अन्य जीव-जंतुओं का जीवन भी खतरे में पड़ गया। आग की लपटों से बचने के लिए पक्षी अपने घोंसले छोड़कर उड़ते नजर आए, जबकि छोटे जीव-जंतु इधर-उधर भागते दिखाई दिए। कई घोंसले और प्राकृतिक आवास पूरी तरह नष्ट हो गए।
* असामाजिक तत्वों पर जताया जा रहा शक
प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नर्सरी में जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि करीब एक माह पहले भी इसी स्थान पर आग लगने की घटना हुई थी, जिससे विभाग की चिंता और बढ़ गई है।
06 मई / मंथन मित्तल



