* सभी डीएसपीएम प्लांट के अधिकारी
* मादक द्रव्य पदार्थ की बोतल बरामद
* लखनलाल देवांगन ने दिए कार्यवाही के निर्देश
कोरबा (मंथन) कोरबा अंचल में स्थापित और संचालित डीएसपीएम प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट सहित 5 अधिकारी सरकारी रेस्टहाउस में मद्यपान करते रंगे हाथ पकड़ाए। मौके से मादक द्रव्य पदार्थ की बोतल बरामद हुई हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। इस मामले में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कंपनी के उच्च अधिकारियों को सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए हैं। वहीं कंपनी के एमडी ने मामले में जांच के बाद कथित आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही के आश्वासन दिए हैं।
बताया जा रहा हैं की शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कोरबा दौरे पर थे, उनसे मिलने के लिए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी रेस्टहाउस पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन को सूचना दी कि रेस्टहाउस के वीआईपी कमरे में कुछ अधिकारी मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर रहे हैं, इस पर लखनलाल देवांगन ने फौरन कंपनी के एमडी एस.के. कटियार से फोन पर बात की। उन्होंने कथित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। एमडी ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
20 अप्रैल / मंथन मित्तल



