कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा-पोड़ी मार्ग पर तानाखार बरपाली के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ग्राम पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में पदस्थ शिक्षक और संकुल प्रभारी जय पांडेय की मृत्यु हो गयी। इस खबर के बाद से शिक्षा जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक जय पांडेय किसी निजी कार्य से अपनी कार द्वारा कटघोरा आए थे।बाजार से सब्जी और अन्य सामान लेकर जब वे वापस पोड़ी-उपरोड़ा लौट रहे थे, तभी तानाखार के समीप अंधेरे मार्ग पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तत्पश्चात कार सीधे सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराई।
* अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सको ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए एनकेएच कोरबा रेफर कर दिया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
04 अप्रैल / मंथन मित्तल



