* निजी अस्पताल से ले जा रहे थे लाश
* चार लोग बचे बाल-बाल
कोरबा (मंथन) कोरबा जिले में एक निजी अस्पताल से शव लेकर जा रही एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा रजगामार रोड स्थित आमाडांड गांव के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। एम्बुलेंस कोरबा से रायगढ़ जिले के छाल जा रही थी। हादसे में वाहन में सवार चार लोग बाल-बाल बच गए, जबकि शव वाहन के अंदर ही फंसा रहा। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और वाहन के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने जेएसईबी वाहन की मदद से पलटी हुई एम्बुलेंस को सीधा किया
बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस का चालक मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में धुत था। नशे के कारण वह सड़क पर पड़ी गिट्टी को देख नहीं पाया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद तत्काल दूसरी एम्बुलेंस बुलाई गई। शव को दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया गया। बताया गया कि हादसे के कारण शव के सिर से खून निकलने लगा था। एम्बुलेंस में सवार अन्य लोगों को भी दूसरी एम्बुलेंस में शिफ्ट कर आगे के लिए रवाना किया गया।
04 अप्रैल / मंथन मित्तल



