
* सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने घेरा सरकार को
कोरबा (मंथन) छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। हाल ही में संसद सत्र के दौरान कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने इस गंभीर विषय को उठाते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार किए।
* नियमों के हवाले से रोकने की कोशिश, पर डिगी नहीं सांसद
सांसद श्रीमती महंत ने जब छत्तीसगढ़ के दुर्ग, बलरामपुर और रायगढ़ जिलों में अफीम की खेती का मामला उठाया, तो लोकसभा स्पीकर ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। हालांकि, सांसद ने अपनी बात जारी रखी और प्रदेश की युवा पीढ़ी के भविष्य का हवाला देते हुए इस अवैध कारोबार को संरक्षण देने वालों पर सख्त कार्यवाही की मांग की।
* कांग्रेस ने भाजपा नेताओं द्वारा संरक्षण देने का लगाया आरोप
दुर्ग में भाजपा नेता के खेत में अफीम की खेती पाए जाने पर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर संरक्षण देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का दावा है कि यह सब सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है। रायगढ़ और बलरामपुर में भी ऐसे मामले सामने आने के बाद राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
* केंद्रीय मंत्री का जवाब
विपक्ष के तीखे सवालों के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री ने सदन में मोर्चा संभाला। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और अवैध अफीम की खेती में संलिप्त लोगों के खिलाफ निरंतर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
30 मार्च / मंथन मित्तल


