कोरबा (मंथन) कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुरी में स्थित प्री मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में छात्र के सिर पर रसोईया द्वारा वार करने का मामला अभी ठंडा पड़ा नहीं है, कि इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद एक दूसरी घटना घटित हो जाना बताया जा रहा है। जिले के सीमांत पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के एक शासकीय हॉस्टल की 5 छात्राओं ने जहरीला द्रव्य पदार्थ पी लिया। उनके द्वारा उठाए गए इस कदम की जानकारी होते ही हॉस्टल में हड़कम्प मच गया और इन सभी को नजदीकी शासकीय अस्पताल में ले जाया गया। कुछ घंटे के उपचार उपरांत इन्हें छुट्टी दे दी गई और परिजन अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार हॉस्टल में मोबाइल चलाने की बात को लेकर एक ही कक्षा की 5 छात्राओं में आपसी विवाद हुआ था। कुछ देर बाद इन्होंने एक-दूसरे से क्षुब्ध हो कर जहरीले द्रव्य पदार्थ का सेवन कर लिया।घटना घटित होते ही हड़कम्प मच गया और आनन-फानन में छात्राओं को उल्टी कराने की कोशिश की गई। दो छात्राओं की हालत सामान्य हुई तो इन्हें छोड़कर शेष तीन छात्राओं को तत्काल शाम करीब 7 बजे स्थानीय शासकीय अस्पताल ले जाया गया। यहां रात भर इन्हें भर्ती रखा गया और दूसरे दिन हालत में सुधार होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इस घटना की जानकारी छात्राओं के परिजनों को दे दी गई थी जो अस्पताल पहुंचे थे और डिस्चार्ज होने के बाद इन्हें अपने साथ ले गए।
30 मार्च / मंथन मित्तल



