
* स्थानीय पत्रकारों को प्रवेश द्वार पर रोकने का आरोप
कोरबा (मंथन) कोरबा-पश्चिम बांकीमोंगरा के ग्राम ढपढप में आयोजित हनुमंत कथा कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर “पास” व्यवस्था को लेकर स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी हैं। आरोप है कि क्षेत्रीय पत्रकारों को, जो लंबे समय से स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं, उन्हें कथा स्थल में प्रवेश से रोक दिया गया।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पास अनिवार्य किया गया था, लेकिन कई स्थानीय पत्रकारों के पास “पास” होने के बावजूद या “पास” की मांग के बावजूद उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस दौरान कुछ पत्रकारों और आयोजन समिति के बीच बहस की स्थिति भी निर्मित हुई।
स्थानीय पत्रकारों का आरोप लगाते हुए कहना है कि वे जनहित से जुड़े ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की कवरेज के लिए पहुंचे थे, लेकिन उन्हें बिना स्पष्ट कारण के रोका गया, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता के अधिकारों पर सवाल खड़ा करता है। अब तक आयोजन समिति की ओर से इस संबंध में स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण का हवाला देते हुए प्रवेश सीमित कर दिया गया था।
इस घटना के बाद पत्रकारों में आक्रोश है और उन्होंने भविष्य में ऐसे आयोजनों में पारदर्शी व्यवस्था की मांग की है, ताकि स्थानीय मीडिया को सम्मानजनक तरीके से अपना कार्य करने का अवसर मिल सके।
30 मार्च / मंथन मित्तल



