कोरबा (मंथन) कोरबा वन मंडल अंतर्गत आने वाले वन परिक्षेत्र करतला में भारी मात्रा में आये दिन पेड़ों की कटाई से वनों को काफी क्षति होने का आरोप हैं। इससे पर्यावरण बहुत प्रभावित हो रहा है। लकड़ी तस्कर इतने सक्रिय हैं कि रातों-रात हरे-भरे पेड़ों को काटकर लकड़ी ट्रकों में भरकर भाग जाते हैं।
इसी कड़ी में विगत दिवस लकड़ी तस्करों की एक गाड़ी करतला वनपरिक्षेत्र के अधिकारियों के द्वारा सूचना पर पकड़कर जब्त की गयी। बताया जा रहा हैं की करतला वनपरिक्षेत्र अंतर्गत बरपाली बीट के ग्राम सण्डैल में तस्करों द्वारा हरे-भरे पेड़ को काटकर एक ट्रक के बराबर लकड़ी लोड किया जा रहा था। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को मिलने पर उप वनमंडलाधिकारी दक्षिण-कोरबा द्वारा मौके पर टीम गठित कर धावा बोला गया।
मौके पर वाहन में लकड़ी लोड कर रहे लोगों से पूछताछ कर दस्तावेज की मांग की गई। कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर लकड़ी लोड करते हुए वाहन को लकड़ी सहित जब्त कर कार्यवाही के लिए कोरबा वन डिपो भेज दिया गया।
ग्राम पचपेड़ी जिला बिलासपुर के एक युवक के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। गठित टीम में प्रभारी वनपरिक्षेत्र अधिकारी श्रीमती अर्चना पैकरा, कपिल कुमार कंवर, हरिनारायण बंजारे, विजेंद्र नेटी, चंद्रशेखर कंवर, प्रतीक तिवारी का विशेष योगदान रहा।
04 मार्च / मंथन मित्तल



